लुधियाना वैस्ट विस उप चुनाव की गर्माहट बन रही उम्मीदवारों की बौखलाहट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

आप के बदले स्लोगन, बिना घोषणा  कांग्रेसी उम्मीदवार के लगे होर्डिंग, बीजेपी में दूल्हे पता नहीं, मगर बारातियों को न्यौता

लुधियाना, 3 अप्रैल। पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना को सूबे की सियासी-धुरी भी कहा जाता है। अमूमन यहां चुनाव में लीड लेने वाली पार्टी पंजाब की सत्ता पर काबिज होती है। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी यह साबित कर चुकी है। बाकी सीटों के साथ ही लुधियाना वैस्ट हल्के से भी आप उम्मीदवार गुरप्रीत गोगी विधायक बने थे। दुखद पहलू, एक हादसे में उनका निधन हो गया। ऐसे में आप ने इस हॉट-सीट पर होने वाले उप चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया था। नतीजतन यहां से सबसे पहले आप के ही उम्मीदवार संजीव अरोड़ा घोषित किए गए। जो राज्यसभा के सांसद होने के साथ नामी उद्योगपति व समाजसेवी भी हैं। फिलहाल तक जानकारों की नजर में अरोड़ा चुनाव प्रचार की दौड़ में काफी आगे चल रहे हैं। जिसके चलते लुधियाना में सियासी-माहौल एकाएक गर्मा गया और विपक्षी पार्टियां भी सक्रिय होने लगीं।

मान-केजरीवाल ने झोंकी ताकत तो जागे विपक्षी !

लुधियाना वैस्ट से आप कैंडिडेट संजीव अरोड़ा के हक में एक बार फिर पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के साथ सीएम भगवंत मान और पार्टी प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने शहर में दो दिन तक डेरा डाला। भले ही वह पार्टी संगठन के कार्यक्रम के नाम पर यहां डटे थे, लेकिन सियासी जानकारों की नजर में असली ‘खेला’ विपक्षियों को भी पता था। नतीजतन विपक्षी दल भी एक तरह से जाग उठे। ताजा हालात ये हैं कि आप उम्मीदवार के हक में लगे होर्डिंग्स के स्लोगन भी बदल गए हैं।

…पर अस्सा तो ‘आशु’ कैंडीडेट मान लिया :

अब यहां सियासी-हालात दिलचस्प बने हैं। कांग्रेस जिला प्रधान संजय तलवाड़ दावा कर चुके हैं कि सूबे के पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु ही लुधियाना वैस्ट से पार्टी उम्मीदवार होंगे। हालांकि लुधियाना से ही सांसद व कांग्रेस प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने फिलहाल तक इस मुद्दे पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया। लिहाजा कांग्रेसी वर्कर ही एक सूफियाना कलाम के जरिए वड़िंग टीम पर तंज कस रहे हैं कि तू माने या नाम माने दिलदारा, अस्सा तो ‘आशु’ नूं कैंडिडेट मानिया…। सबसे अहम पहलू, आशु की उम्मीदवारी को लेकर आश्वस्त उनके समर्थक लंबे चुनाव प्रचार में कूदने की बजाए खामोश बैठे थे। अब अचानक उन्होंने आशु के हक में होर्डिंग्स लगाने में जुट गए। अब नई चर्चा छिड़ गई है कि इसे विपक्ष की बौखलाहट माना जाए या और कुछ, खैर महानगर में सियासी-माहौल तो गर्मा चुका है।

बीजेपी की हालत सबसे दिलचस्प :

लुधियाना वेस्ट के उप चुनाव को लेकर भाजपा ने फिलहाल तक अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया। हालांकि पार्टी ने तीन आब्जर्वर नियुक्त कर डाले। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नरेंद्र रैना को इंचार्ज, स्टेट एग्जीक्यूटिव मेंबर जंगी लाल महाजन व स्टेट वाइस प्रेसिडेंट मोना जायसवाल को मेंबर नियुक्त कर दिया। चर्चाओं के मुताबिक बीजेपी के नेता-वर्कर तक चुटकी ले रहे हैं कि ‘दूल्हा’ तो मिला नहीं, बारातियों को न्यौता दे डाला। चर्चाओं के मुताबिक वैसे तो बीजेपी में दर्जन भर से ज्यादा दावेदार इसी सीट के लिए हैं। हालांकि इनमें से ज्यादातर ‘छुटभइय्या’ हैं, जिनको चुनाव में अपने ही घर के वोट मिलने के आसार नहीं होंगे।

ये निशाना किस पर साधा ?

लुधियाना वैस्ट से आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के हक में लगे नए होर्डिंग्स शहर में चर्चा का विषय बने हैं। नए स्लोगन ‘ना तो गुस्सा और ना अहंकार, संजीव अरोड़ा इस बार’ आखिर किसी विपक्षी नेता की तरफ कटाक्ष हैं, लोग इसे लेकर चुटकियां ले रहे हैं।

———-

 

 

Leave a Comment