पुश्तैनी जमीन विवाद में भाई ने बहन-बहनोई को काटा, बीमार पिता की सेवा करने आई थी मायके

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब 28 मार्च। फरीदकोट के गांव कानियांवाली में बीमार चल रहे पिता की पुश्तैनी जमीन के विवाद में एक युवक ने अपनी बहन व बहनोई को तेजधार हथियारों से काट डाला। जिसके चलते दोनों की मौके पर मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने थाना सादिक में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव कानियांवाली में गमदुर सिंह के बेटे अर्शप्रीत सिंह और मोगा में विवाहित बेटी हरप्रीत कौर के बीच पिता की पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बहन हरप्रीत कौर द्वारा जमीन में हिस्से की मांग की जा रही थी।

बीमार पिता से मिलने आई थी बेटी

इन दिनों गमदूर सिंह गंभीर रूप से बीमार होने की वजह से बिस्तर पर हैं। उनकी सेवा करने के लिए हरप्रीत कौर अपने पति रेशम सिंह के साथ मोगा से अपने मायके आई हुई थी। दोनों भाई-बहनों के बीच गुरुवार रात जमीन को लेकर कहासुनी हुई। जिसके बाद शुक्रवार सुबह एक बार फिर अर्शप्रीत सिंह का अपने बहनोई रेशम सिंह के साथ झगड़ा हुआ। अर्शप्रीत सिंह ने तेजधार हथियारों से बहनोई रेशम सिंह और बीच बचाव कर रही बहन हरप्रीत कौर की हत्या कर दी। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद फरीदकोट के एसपी जसमीत सिंह, डीएसपी त्रिलोचन सिंह, थाना सादिक के एसएचओ नवदीप सिंह समेत आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

आरोपी को हिस्सा मांगने का शक

एसपी जसमीत सिंह ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि आरोपी अर्शप्रीत सिंह को आशंका थी कि उसकी बहन जमीन का हिस्सा मांग सकती है। जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment