पंजाब 25 अक्टूबर। पंजाब में धान की धीमी खरीद के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) ने आज मुख्य मार्गों को रोकने का ऐलान किया है। किसान संगठन का कहना है कि बार-बार मांग उठाए जाने के बाद भी धान खरीद कार्य में कोई सुधार नहीं हुआ है। किसान सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक, 4 घंटों के लिए राज्य भर में मंडियों के आसपास की मुख्य सड़कें बंद किए हुए हैं। एसकेएम नेता रमिंदर सिंह पटियाला ने बीते दिन कहा था कि 19 अक्टूबर को ही सड़कों को अवरुद्ध करने का निर्णय ले लिया गया था। उसमें कहा गया था कि अगर राज्य सरकार 4 दिनों में धान की सुचारु खरीद सुनिश्चित करने में विफल रही तो बड़ा फैसला लिया जाएगा। सरकार काम करने में विफल रही है। इधर, किसानों के समर्थन में आज पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह खन्ना में दाना मंडी पहुंचे हैं। यहां उन्होंने राज्य सरकार पर हमला बोला। साथ ही अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय कोई किसान परेशान नहीं हुआ। जालंधर में परागपुर के पास किसानों ने हाईवे जाम कर रखा है। इस दौरान यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यहां एक शवयात्रा भी फंसी नजर आई। शव ले जा रही गाड़ी को लोग निकलवाते दिखे। लुधियाना में अनाज मंडी के बाहर रायपुर रोड पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। वहीं एमबीडी मॉल के सामने किसानों ने धरना लगाया गया।
