watch-tv

खनौरी बॉर्डर पर किसान ने सुसाइड किया, टेंट में मिली लाश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब 25 सितंबर। हरियाणा-पंजाब के खनौरी बॉर्डर पर आज एक किसान ने सुसाइड कर लिया। मृतक मानसा का गुरमीत सिंह है। बताया जा रहा है कि किसानों का आंदोलन जब से चल रहा है, वह तब से बॉर्डर पर डटा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, गुरमीत सिंह भारतीय किसान यूनियन सिद्धपुर से जुड़ा हुआ था। उसने सुसाइड उस समय किया, जब अन्य किसान वहां नहीं थे। उसने आज सुबह करीब पौने 10 बजे गांव मल्लां ब्लॉक डोडा श्री मुक्तसर साहिब के टेंट में जाकर सुसाइड किया। जब किसान लौटकर आए तो गुरमीत ने फांसी लगाई थी। उसने रस्सी को ट्रॉली से बांधा था, और उसी में अपनी गर्दन फंसाकर लेटा हुआ था। आंदोलन से जुडे़ किसानों ने बताया है कि किसान गुरमीत इस आंदोलन को लेकर काफी गंभीर था। वह बहुत कम घर जाता था। सूत्र बताते हैं कि उसके सिर पर कर्ज भी था। इस वजह से वह परेशान था। कुछ समय पहले उसके बेटे की शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए भी वह नहीं गया था। हालांकि, सुसाइड करने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।

फरवरी से चल रहा संघर्ष
फसलों के MSP को लेकर पंजाब के किसान फरवरी-2024 से आंदोलन पर हैं। ऐसे में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने हरियाणा और पंजाब के शंभू बॉर्डर को बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया था। इसके बाद लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो गई। किसानों ने बॉर्डर पर पंजाब की तरफ स्थायी मोर्चा बना लिया। ऐसे में वहां से आवाजाही बंद है। इसके चलते अंबाला के व्यापारियों को परेशानी हो रही है। इस कारण उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की शरण ली। हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को बॉर्डर खोलने के आदेश दिए थे, लेकिन सरकार इस मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंच गई है।

Leave a Comment