राजा वड़िंग ने 2022 के बाद पंजाब में चौथे कैबिनेट फेरबदल को लेकर आप सरकार पर हमला बोला

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

बिना सिर वाले मुर्गे की तरह दिशाहीन इधर-उधर भटक रही है आप सरकार : पंजाब कांग्रेस प्रधान

चंडीगढ़ 23 सितंबर। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला किया। उन्होंने राज्य मंत्रिमंडल के हालिया फेरबदल पर निशाना साधा।

लुधियाना के सांसद वड़िंग ने कहा कि मार्च, 2022 में सत्ता में आने के बाद से यह चौथी बार है, जब आप सरकार ने अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया है। यह कदम सत्तारूढ़ दल के भीतर अस्थिरता और कुप्रबंधन का स्पष्ट संकेत हैं। बार-बार बदलाव पर गंभीर चिंता जताते उन्होंने कहा कि एक कैबिनेट मंत्री को अपने विभाग के कामकाज को पूरी तरह से समझने के लिए आमतौर पर कम से कम छह महीने का समय लगता है। किसी भी मंत्री को विभाग के कामकाज पर मजबूत पकड़ बनाने, मुद्दों का गहराई से अध्ययन करने और प्रभावी नीतियां बनाने में समय लगता है।

कांग्रेस प्रदेश प्रधान ने तंज कसा कि आप सरकार के लगातार फेरबदल से कोई भी वास्तविक काम करना असंभव है। आप सरकार बिना सिर वाले मुर्गे की तरह बिना किसी स्पष्ट दिशा के लगातार अपनी स्थिति बदलती आ रही है।

उन्होंने मंत्रियों के चयन पर कहा कि किसी भी अनुभवी विधायक को कैबिनेट पद नहीं दिया गया। नवनिर्वाचित विधायकों को पद दिया गया, जिससे एक अनुभवहीन कैबिनेट का गठन हुआ। जब सबसे महत्वपूर्ण पद वाले व्यक्ति अभी भी सीख रहे है तो हम किस तरह के शासन की उम्मीद कर सकते हैं ? यह लगभग वैसा ही है जैसे मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के भविष्य के साथ खतरनाक खेल खेल रहे हैं।

उन्होंने इस अस्थिरता को सीधे तौर पर राज्य में चल रहे वित्तीय संकट से जोड़ते कहा कि पंजाब का कर्ज आसमान छू रहा है। कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है। आप सरकार की लापरवाही और सुसंगत रणनीति की कमी ने पंजाब के शासन को विफल बना दिया है। हर फेरबदल का उद्देश्य अपनी विफलताओं को छिपाने का एक प्रयास है, लेकिन पंजाब के लोग इसे समझ चुके हैं।

————–