watch-tv

अंधविश्वास : मुक्तसर में महिला की सोने की चूड़ियां उतरवाई, फिर शातिर नौसरबाज लेकर हुए फरार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

अंधविश्वास के चलते महिला आई झांसे में तो नौसरबाजों ने लालच देने को पहले उसकी झोली में डाले 100 रुपए

मुक्तसर 22 सितंबर। एक महिला समेत चार शातिर नौसरबाजों ने यहां लूट की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने दिनदहाडे़ एक बुजुर्ग महिला की सोने की चूड़ियां गायब कर दीं और फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को दबोचने के लिए भागदौड़ की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर सीसीटीवी भी खंगाले। इस मामले में पीड़ित कृष्णा कुमारी ने बताया कि वह मंदिर से घर की ओर जा रही थीं। तभी बाइक पर सवार दो अजनबी उनके पास आए और शीतला मंदिर के बारे में पूछने लगे। महिला ने उन्हें जवाब दिया कि वहां शीतला मंदिर नहीं, बल्कि महादेव मंदिर है। इसी बीच, एक अन्य बाइक पर सवार महिला और पुरुष वहां पहुंचे। उन दोनों ने बातचीत शुरू की और कहा कि जो लोग पहले मिले थे, वे महात्मा हैं और उनका मिलना एक शुभ संकेत है।

उनकी बातें सुनकर अंधविश्वास के चलते कृष्णा कुमारी उनके झांसे में आ गईं। इसके बाद चारों लोगों ने उनसे झोली आगे करने को कहा। फिर उनकी झोली में 100 रुपए और एक पत्थर जैसी वस्तु रख दी। उन्होंने कहा कि अगर वह सोना पहनती हैं तो उसे उतार दें। पहले तो महिला ने सोना उतारने से मना किया, लेकिन उनकी चबातों में फंसकर अपनी सोने की चूड़ियां उतार दीं। जिनका वजन करीब ढाई तोले था और कीमत करीब 2 लाख रुपए है।

चारों ठगों ने चूड़ियां एक रूमाल में बांधकर महिला को दीं और कहा कि इसे घर जाकर ही खोलना। साथ ही चेतावनी दी कि रास्ते में किसी से बात मत करना। कृष्णा कुमारी ने जब रूमाल खोला तो उसमें चूड़ियां नहीं थीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक रोड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले।

———–

 

Leave a Comment