watch-tv

जालंधर : अमोनिया गैस लीकेज मामले में बर्फ कारखाना मालिक समेत सरकारी विभागों पर भी एफआईआर दर्ज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

केस में नगर निगम, पीएसपीसीएल, इंडस्ट्री और प्रदूषण नियंत्रण विभाग भी नामजद, एसडीएम को मिली है जांच

जालंधर 22 सितंबर। यहां शनिवार को बर्फ वाले कारखाने में अमोनिया गैस लीक होने का मामला तूल पकड़ गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों की तबियत बिगड़ने के बाद पुलिस-प्रशासन तेजी से हरकत में आ गया।

जानकारी के मुताबिक देर रात पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली। एफआईआर में कारखाना मालिक निनी कुमार जैन निवासी जालंधर कैंट को मुख्य आरोपी बनाया। साथ ही नगर निगम, पंजाब फैक्ट्री विभाग, पंजाब इंडस्ट्री विभाग, पावरकॉम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड विभाग के संबंधित अधिकारियों को नामजद किया गया। हालांकि किसी भी विभागीय अधिकारी का नाम केस में फिलहाल नहीं जोड़ा गया। आशंका है कि जांच के बाद उनके नाम जोड़े जाएंगे, जो अधिकारी घटना के वक्त ड्यूटी पर थे।

क्यों नामजद किए विभाग :

एफआईआर में कहा गया कि जैन आइस फैक्ट्री में गैस लीक हुई थी। जिसमें शीतल सिंह निवासी उपकार नगर की मौत हो गई थी। केस में फैक्ट्री मालिक और संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसलिए नामजद किया गया, क्योंकि उन्होंने ही इस फैक्ट्री को मंजूरी दी थी। इस केस में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

यहां बता दें कि जालंधर के दोमोरिया पुल के पास जैन आइस फैक्ट्री के अंदर 21 सितंबर को गैस लीक हो गई थी। दम घुटने से शीतल सिंह की मौत हो गई थी और एक महिला सहित तीन लोग बेहोश हुए थे। अभी तक की जांच में पता चला है कि गैस लीकेज पाइप फटने से हुई थी। पुलिस कमिश्नर ने मौके की जांच के बाद तुरंत मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। डीसी हिमांशु अग्रवाल ने मामले की जांच एसडीएम-वन को सौंपकर 15 दिन में रिपोर्ट मांगी है।

———–

 

 

Leave a Comment