पंजाब 17 सितंबर। बहबलकलां इंसाफ मोर्चा के नेता सुखराज सिंह को राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी NIA ने तलब किया है। उन्हें 19 सितंबर को दिल्ली में बुलाया गया है। सुखराज सिंह ने मीडिया से बातचीत में नोटिस मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वह पूछताछ में शामिल होंगे। हालांकि उन्हें किस लिए बुलाया गया है, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह इस मामले को पहले की तरह उठाते रहेंगे। कुछ दिन पहले एनआईए ने उनके करीबियों पर रेड की थी। बहबलकलां में 14 अक्टूबर 2015 को फरीदकोट जिले के बरगाड़ी में बेअदबी की घटना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में 2 सिख प्रदर्शनकारियों, सरवन गांव के गुरजीत सिंह और फरीदकोट जिले के नियामीवाला गांव के कृष्ण भगवान सिंह की मौत हो गई थी। कृष्ण भगवान सिंह का ही बेटा सुखराज सिंह है। उन्होंने भी गिद्दड़बाहा से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा था कि हम पिछले 9 सालों से न्याय का इंतजार कर रहे हैं। मेरे पिता की हत्या शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान की गई थी, लेकिन 3 सरकारों ने न्याय नहीं दिलाया। हम प्रदर्शन के जरिए नेताओं से सवाल पूछते रहे हैं, लेकिन जो भी सरकार में आता है, वह भागने की कोशिश करता है। अब मैं दूसरे नेताओं पर निर्भर रहने के बजाय सीधे विधानसभा में उनसे सवाल पूछना चाहता हूं। हम विधानसभा में उनके बीच आकर उनका मुकाबला करेंगे।
बहबलकलां इंसाफ मोर्चा का नेता सुखराज को NIA का नोटिस, पूछताछ के लिए दिल्ली तलब
Rajdeep Saini
👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं