रोपड़ के 5 वर्षीय तेगबीर ने किलिमंजारों चोटी पर चढ़ बनाया रिकॉर्ड, एशिया का सबसे कम उम्र का बच्चा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब 26 अगस्त। पंजाब के पांच साल के बच्चे ने माउंट किलिमंजारो की चोटी पर विजय हासिल की है। वह माउंट किलिमंजारो पर चढ़ने वाला एशिया के सबसे कम उम्र का बच्चा बन गया हैं। 5 साल का तेगबीर सिंह रोपड़ का रहने वाला है। तेगबीर ने अफ्रीकी महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर चढ़ाई की। यह चोटी तंजानिया में 19340 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित है। तेगबीर ने 18 अगस्त को माउंट किलिमंजारो की यात्रा शुरू की थी। इसके बाद 23 अगस्त को पर्वत की सबसे ऊंची चोटी उहुरू तक पैदल चले। पंजाब के DGP गौरव यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट डालकर उन्हें बधाई दी है। DGP ने लिखा है कि उनका दृढ़ संकल्प और लचीलापन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि दूसरों को लिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
तेगबीर ने यह कारनामा कर पिछले साल 6 अगस्त को सर्बिया के ओगनजेन जिवकोविच द्वारा 5 साल की उम्र में माउंट किलिमंजारो पर चढ़ने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। माउंट किलिमंजारो पर ट्रैकिंग करने वाले दुनिया के पोर्टल लिंक के अनुसार तेगबीर सिंह यह उपलब्धि हासिल करने वाले एशिया के सबसे कम उम्र के बच्चे हैं।

दिल और फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने को किए व्यायाम
तेगबीर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच बिक्रमजीत सिंह घुम्मन को दिया। जो कि एक सेवानिवृत्त हैंडबॉल कोच हैं। परिजनों ने बताया कि इस यात्रा के लिए काफी प्रयास किया गया। एक साल पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। बच्चे को ऊंचाई पर होने वाली बीमारियों से निपटने के लिए दिल और फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने संबंधी व्यायाम करवाए गए। उसे कई जगह ट्रैकिंग पर लेकर गए। जिसके बाद चोटी पर चढ़ने के लिए प्लानिंग शुरू की गई।