watch-tv

हरियाणा में कांग्रेस का बस्ता उठाने वाला भी कोई नजर नहीं आएगा : सीएम सैनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

बोले मुख्यमंत्री, भाजपा का 10 साल का कार्यकाल रहा है गौरवशाली,  इसीलिए बौखलाया है विपक्ष

रोहतक 26 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने यहां अपने प्रदेश स्तरीय चुनाव कार्यालय की शुरूआत कर दी। मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने हवन के साथ कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस के कार्यकाल को ‘कुशासन’ बताते भाजपा सरकार की 10 साल की उपलब्धियां गिनवाई। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथों पर कांग्रेस का बस्ता उठाने वाला भी कोई नहीं मिलेगा। कांग्रेस झूठ बोल-बोलकर सत्ता में आना चाहती है, लेकिन जनता का विश्वास खो चुकी है। भाजपा ही फिर से हरियाणा में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं का उत्साह इन 10 सालों में बढ़ा है। भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां दीं, जिससे उनके परिवार व रिश्तेदार भी खुश हैं। महिलाओं को सशक्त बनाया। तीज पर्व पर महिलाओं को 500 रुपये में गैस के सिलेंडर दिए।

सैनी ने कहा कि भाजपा के जनहितैषी कामों में विपक्ष बौखला गया है। विपक्ष को ललकारते बोले कि हमने खाली घोषणाएं ही नहीं की, इम्पलीमेंट भी किया, सभी कामों को धरातल पर उतारा है। भाजपा के ईमानदारी से किए कामों से प्रदेश के किसानों में जोश और उत्साह है। कांग्रेस ने गरीबों को लॉलीपोप देने का काम किया। गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट देने का झूठा वादा कर कांग्रेस ने उनके वोट लिए। हमारी सरकार ने गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट भी दिए, कब्जा और कागज भी दिया। सीएम ने कहा कि भर्ती निकलती है तो कांग्रेस का भर्ती रोको गैंग कोर्ट जाकर रुकवा देता है। अभी भी भर्तियां हो रही थी, लेकिन कांग्रेसी हाईकोर्ट चले गए।

भाषण देते लोगों से संवाद करने लगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सैनी की एक खासियत आज जनता को लुभा गई। संबोधन के दौरान मंच के सामने से एक बुजुर्ग कार्यकर्ता ने उठकर नायब सरकार के कार्यों की तारीफ की तो मुख्यमंत्री ने भी मंच से संवाद करना शुरू कर दिया। यहां तक कि उन्होंने कहा कि दादा का मार्गदर्शन और आशीर्वाद हमें समय-समय पर मिलता रहता है। ऐसे अनुभवी कार्यकर्ताओं की बदौलत ही भाजपा फिर से सरकार बनाने वाली है। इसी तरह मीडिया गैलरी के पीछे खड़ी एक महिला कार्यकर्ता ने भी गैस सिलेंडर सस्ता मिलने की बात पर मुख्यमंत्री के नाम का जयकारा लगाया, तो मुख्यमंत्री ने उनसे भी संवाद कर महिला कार्यकर्ता का धन्यवाद किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डा. कमल गुप्ता, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश सचिव उमेश शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, सह मीडिया प्रमुख शमशेर सिंह खरक की खास मौजूदगी रही।

—————

Leave a Comment