watch-tv

अमृतसर : दुबुर्जी में एनआरआई को घर के अंदर घुस गोलियां मारीं, हालत गंभीर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

दो युवक बहाने से घर में घुसे, फायर करते पिस्टल में गोली अटकी तो हमलावर भागे

अमृतसर 24 अगस्त। यहां दुबुर्जी इलाके में शनिवार की सुबह सनसनीखेज वारदात हो गई। दो हथियारबंद हमलावरों ने घर में घुसकर एक एनआरआई को गोलियां मार दीं। बेखौफ बदमाश इत्मीनान से वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। घायल एनआरआई को अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी थी।
जानकारी के मुताबिक पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें सुबह 7.30 बजे के करीब दो युवक घर में घुसे और परिजनों के सामने ही एनआरआई सुखचैन सिंह को गोलियां मार दीं। पुलिस ने मौके पर पहुंच सीसीटीवी की फुटेज कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस को परिजनों ने बताया कि सुखचैन सिंह अमेरिका में रहते थे। वह इन दिनों दुबुर्जी अपने घर में थे। आज सुबह जिम जाने से पहले वह ब्रश कर रहे थे। तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और सीधे उनके घर में दाखिल हो गए।
बताते हैं कि दोनों युवकों ने घर के अंदर दाखिल होते ही सुखचैन सिंह से कार के कागजात दिखाने की मांग की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी हथियार दिखाकर उनको जबरन अंदर ले गए। आरोपियों ने पिस्टल निकाल तीन फायर कर दिए। जिनमें से दो गोलियां सुखचैन सिंह को लगीं। हमलावर और गोलियां दागना चाहते थे, लेकिन उनकी पिस्टल अटक गई। जब हथियार अटक गया तो हमलावर फरार हो गए। गौरतलब है कि जब सुखचैन पर हमलावर फायरिंग कर रहे थे तो परिजन उनके हाथ जोड़ रहे थे। वारदात के बाद घायल होकर गिरे सुखचैन को परिजन अस्पताल में ले गए। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पहली पत्नी के परिजनों से था विवाद :
पुलिस को पूछताछ में पता चला कि एनआरआई सुखचैन सिंह की पहली पत्नी ने सुसाइड कर लिया था। जिसके बाद पत्नी के मायका पक्ष ने उन पर एफआईआर कराई थी और मामला कोर्ट में चला था। पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जो सुखचैन के साथ ही रहते हैं। तकरीबन पांच महीने पहले उन्हें जान से मारने की धमकियां मिली थीं। फिलहाल पुलिस हर एंगिल से मामले की जांच कर रही है।
———–

Leave a Comment