watch-tv

राजकाज : लुधियाना से लोस चुनाव हारे केंद्रीय राज्यमंत्री बिट्‌टू को वाया हरियाणा संसद सदस्य बनाएगी भाजपा !

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

राज्यसभा के जरिए होगी पार्लियामेंट में एंट्री, हरियाणा के अलावा राजस्थान का विकल्प भी है बीजेपी के पास

नई दिल्ली 8 अगस्त। राजधानी में एक बार फिर सियासी-माहौल गर्म है। दरअसल चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 12 खाली हो चुकी सीटों के लिए 3 सितंबर को चुनाव कराने का ऐलान कल कर दिया। जिसके बाद लुधियाना से हारने के बावजूद केंद्रीय राज्यमंत्री बने रवनीत सिंह बिट्टू को भी रास सदस्य बनाने के लिए भाजपा रणनीति बना रही है। वैसे तो उनको वाया हरियाणा संसद में एंट्री दिलाए जाने की प्रबल संभावना है।
हरियाणा से ज्यादा सियासी फायदा ! वैसे तो राजस्थान से भी केंद्रीय मंत्री बिट्‌टू को राज्यसभा सीट पर उम्मीदवार बनाया जा सकता है। जबकि सियासी-जानकारों का मानना है कि इस मामले में भाजपा हरियाणा को पहल देगी। दरअसल हरियाणा में फिलहाल केंद्रीय स्तर के ऐसे सिख नेता कम ही हैं, जिनको राज्यसभा भेजा जा सके। साथ ही पूर्व सांसद बिट्‌टू को वहां तरजीह देकर भाजपा पंजाब में होने वाले चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव में भी सियासी-पायदा उठाने की फिराक में है।
राजस्थान दूसरा मजबूत विकल्प : गौरतलब है कि राजस्थान भी पंजाब की सीमा से सटा है। उसके सीमावर्ती जिलों में भी सिख मतदाताओं का खासा प्रभाव है। उस सियासी-नजरिए से भाजपा बिट्‌टू को राजस्थान से भी राज्यसभा में भिजवा सकती है। मौजूदा सियासी हालात में भाजपा के 87 सदस्य उच्च सदन में हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत मौजूदा सदस्यों के लोकसभा में चुने जाने से राज्यसभा की दस सीटें खाली हो गईं। इसके अलावा मौजूदा सदस्यों में से दो ने दलबदल के कारण इस्तीफा दे दिया। हरियाणा और राजस्थान की खाली सीटों पर भाजपा को लाभ मिलने की संभावना है।
हरियाणा में एक अनार, तमाम बीमार ! हरियाणा से बिट्टू को मैदान में उतारने की चर्चाओं के बीच स्थानीय भाजपा नेता अंदरखाते विरोध दर्ज करा रहे हैं। रोहतक से दीपेंद्र हुड्डा के लोकसभा सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है। रवनीत बिट्टू के अलावा रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, ओपी धनखड़, संजय भाटिया, मनीष ग्रोवर, कुलदीप बिश्नोई और सुनीता दुग्गल समेत कई वरिष्ठ नेता भी यहां से राज्यसभा सीट के दावेदार हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली किरण चौधरी भी इस दौड़ में शामिल हैं।
चुनाव प्रक्रिया 21 अगस्त से : निर्वाचन आयोग के आदेश के मुताबिक 14 अगस्त को अधिसूचना जारी होगी। जबकि 21 अगस्त नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि होगी। फिर 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 27 अगस्त होगी। इसके बाद 3 सितंबर को मतदान होगा और 3 सितंबर को शाम 5 बजे नतीजे घोषित होने हैं।
—–

Leave a Comment