चंडीगढ/यूटर्न/31 जुलाई: रेवाड़ी के एक गांव में दुष्कर्म पीडि़ता की हत्या करने का मामला सामने आया है। जिस व्यक्ति ने हत्या का आरोप है उसी पर महिला ने दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। आरोपी रात के अंधेरे में सूट-सलवार पहने महिला की वेशभूषा में घर में घुसा और उसकी हत्या कर दी। महिला की उम्र करीब 36 साल है। उसने 16 जुलाई को ही आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के समय मृतक महिला का पति नाइट ड्यूटी पर गया हुआ था। हत्या की सूचना के बाद खोल थाने की पुलिस वहां पहुंची। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी ने पीडि़ता के साथ दुष्कर्म भी किया था। इस मामले में उसके खिलाफ 15 दिन पहले 16 जुलाई को मामला दर्ज हुआ था। आरोपी की गिरफतारी को लेकर परिजन एसपी से भी मिले थे। इतना ही नहीं पीडि़ता के परिजनों ने उसकी गिरफतारी के लिए कोर्ट में अर्जी भी लगाई थी। जिस पर 31 जुलाई यानी आज सुनवाई होनी थी। लेकिन उससे पहले ही आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
मृतक महिला के भाई ने दी ये शिकायत
मृतक महिला के भाई ने बताया कि रात करीब 2 बजे उसकी बहन जाग गई और शौचालय की तरफ जा रही थी। तभी सुधीर नाम का व्यक्ति रसोई की चिमनी से लोहे की जाली निकालकर नीचे कूद गया। घर में घुसते ही सबसे पहले जिस कमरे में वह सो रहा था, उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उसने बहन पर ईंटों और दूसरे नुकीले पत्थर से हमला करना शुरू कर दिया। आरोपी ने उसके पैर, चेहरे और अन्य जगहों पर हमला किया। आरोपी ने उसकी आंखों के सामने दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। घटना के बाद सुधीर फरार हो गया। इसके बाद पड़ोसियों ने आकर कुंडी खोली। खोल थाना एसएचओ लक्ष्मीनारायण ने बताया कि फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हमारी टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
————-
