लापरवाही : बिजली कर्मचारी ने तार काटा, लड़के पर गिरा
लुधियाना 23 जुलाई। महानगर के राहों रोड इलाके में बिजली कर्मचारी की लापरवाही से दर्दनाक हो गया। उसने बिजली की सप्लाई बंद किए बिना हाईटेंशन तार एक सिरे से काट दिया। तार नीचे खड़े आठवीं क्लास में पढ़ने वाले लड़के अमन पर गिरा और वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, हालांकि तब तक उसकी मौत हो गई।
मरने वाले लड़के अमन के चाचा जॉनी ने बताया कि वह राहों रोड स्थित गांव रावत में रहते हैं। गांव में निर्माणाधीन मकान का लैंटर बिछाया जाना था। उनके लैंटर की छत के पास से हाईटेंशन तार गुजरती है। उस तार को दूसरे तार से बांधा गया था। जिसे काटने के लिए बिजली घर से कर्मचारी आए थे। उन कर्मचारियों ने बिजली सप्लाई बंद किए बिना ही तार काट दिया।
संयोग से लड़का अमन घर के बाहर हाईटेंशन तार के नीचे खड़ा था और गिरा तार उसके सीने पर लग गया। जिससे करंट लगने पर वह बुरी तरह झुलस गया। काफी देर तक तार सड़क पर लटके रहने से लोग दहशत में रहे। बाद में विभाग के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बंद कर तार को किनारे किया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांग की कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। वहीं, मौके पर गए थाना मेहरबान से एसएचओ हरजिंदर सिंह ने परिजनों को आश्वासन दिया कि इस घटना में जिसकी भी लापरवाही रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।