लुधियाना 15 जुलाई। ढंडारी कलां में घर से बर्फ लेने के लिए निकली 18 साल की लड़की को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। जिस कारण लड़की बुरी तरह से जख्मी हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। मरने वाली लड़की की पहचान रिंकू के रुप में हुई है। चौकी कंगनवाल की पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम के बाद लाश को परिवार हवाले कर दिया गया। जानकारी देते हुए भतीजे करण ने बताया कि रिंकू के सिर में चोट लगी थी। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। परिजनों को जब पुलिस का फोन आया तो उन्हें घटना के बारे में पता चला। रिंकू के तीन भाई-बहन हैं। वह परिवार में सबसे बड़ी थी। वह अपने माता-पिता से अलग रहती थी। पता चला है कि वह रात को बर्फ लेने जा रही थी तभी अचानक यह हादसा हो गया। रिंकू का अंतिम संस्कार आज शाम कर दिया गया। पुलिस के अनुसार अज्ञात चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
