लुधियाना 13 जुलाई। हत्या व फायरिंग मामले में फरार कुख्यात अपराधी सागर न्यूटन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा सागर व उसके साथियों के 10 सोशल मीडिया अकाउंट बंद कर दिए हैं। यह अकाउंट फेसबुक व इंस्टाग्राम पर थे। जिनके जरिए वह लोगों को धमकियां देता था। हालाकि सागर व उसके साथी इन्हीं अकाउंट के जरिए हथियारों की वीडियो भी अपलोड करते थे। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर भी सागर ने एक वीडियो अपलोड कर पुलिस व राजनेताओं पर बड़े आरोप लगाए थे। जानकारी के अनुसार इंस्टाग्राम पर न्यूटन के कई अकाउंट हैं, जहां वह अक्सर वीडियो और फोटो अपलोड करता रहता है। वह सोशल मीडिया पर अपने अपराधों के वीडियो पोस्ट करता है और किए गए अपराधों की जिम्मेदारी लेता है। इस तरह वह लोगों तक अपना संदेश पहुंचाता है। बड़ी संख्या में युवा भी उसके अकाउंट को फॉलो कर रहे हैं, जो उन्हें किसी न किसी तरह अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित कर सकता है।
पैसे लेकर झूठा पर्चा कराने के लगाए थे आरोप
सागर व उसके साथियों द्वारा पक्खोवाल रोड स्थित शहीद भगत सिंह नगर में एक युवक के घर पर हमला किया था। इस मामले में युवक की दादी की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने सागर की पत्नी को भी गिरफ्तार किया था। जिसके बाद सागर ने सोशल मीडिया पर आकर पुलिस को चुनौती दी थी और आरोप लगाए थे कि पैसों के बल पर उसकी पत्नी को गलत तरीके से मामले में फंसाया गया है।