watch-tv

पानीपत में वरिष्ठ भाजपा नेता विजय जैन ने पार्टी छोड़ी, व्हाट्सऐप पर इस्तीफा, कांग्रेस में शामिल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पूर्व सीएम भूपिंदर हुड्‌डा ने किया जैन का स्वागत, विस चुनाव में टिकट न मिलने से चल रहे थे खफा

पानीपत 8 जुलाई। यहां भारतीय जनता पार्टी को एक बड़ा सियासी-झटका लग गया। वरिष्ठ बीजेपी नेता विजय जैन ने अपनी प्राथमिक सदस्यता समेत तमाम पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा भी व्हट्सएप के जरिए ही पार्टी जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट को भेजा। इसके बाद जैन को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस में शामिल कराया।

यहां गौरतलब है कि जैन पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से टिकट के दावेदार थे। उन्होंने विधानसभा के साथ ही अपने वार्ड-26 में विकास कार्यों में भेदभाव के आरोप लगाए हैं। सोमवार को अपने एक पेज के इस्तीफे में लिखा कि उनके हल्के और वार्ड में विकास कार्यों में अनदेखी हो रही है। वह इससे आहत हैं और अपनी प्राथमिक सदस्यों समेत सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं।

गौरतलब है कि विजय जैन शहरी स्थानीय निकाय के 2019 के चुनाव भाजपा के टिकट पर जीतकर वार्ड-26 से निगम पार्षद बने थे। उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्यों को लेकर सदन में कई बार आवाज उठाई। उन्होंने उस समय भी अनदेखी बरतने के आरोप लगाए थे। उन्होंने इसके बाद निगम के साथ पानीपत ग्रामीण विधानसभा में प्रचार प्रसार शुरू कर दिया था। वे गांवों के साथ बाहरी कॉलोनियों में लगातार जनसंपर्क कर रहे थे।

पूर्व विधायक रेवड़ी ने छोड़ी थी बीजेपी : लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पानीपत शहर की पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी ने इसी तरह भाजपा छोड़ी थी। उन्होंने भी जिलाध्यक्ष के व्हाट्सएप पर अपना इस्तीफा भेजा था। वे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हुई थी। उनके साथ उनके पति सुरेंद्र रेवड़ी भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।

————-

Leave a Comment