watch-tv

मानसूनी-कहर : अमरनाथ यात्रा भारी बारिश के चलते रुकी, उत्तराखंड में रेड अलर्ट, बद्रीनाथ वाला हाईवे बंद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

असम में भारी बरसात से मची है तबाही अब तक राज्य में हो चुकी 62 की मौत

नई दिल्ली 6 जुलाई। देशभर में भारी बारिश से तबाही मची है। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के चलते श्री अमरनाथ यात्रा शनिवार 6 जुलाई को रोकनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक पवित्र गुफा तक जाने वाले पहलगाम और बालटाल, दोनों रूट पर कल रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। यात्रियों को वापस उनके बेस कैंप भेजा जा रहा है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू होगी। गौरतलब है कि 29 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को खत्म होगी। 3,800 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर में अब तक 1.50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

वैसे तो अमरनाथ यात्रा शुरू होने के सातवें दिन यानी 5 जुलाई को ही बाबा बर्फानी अदृश्य हो गए। ऐसा पहली बार हुआ है। अब यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा के ही दर्शन होंगे। उधर, उत्तराखंड में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण डोलिया देवी (फाटा) में रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड और ऋषिकेश से बद्रीनाथ जाने वाला नेशनल हाईवे 107 और 58 ब्लॉक हो गया है। सड़क पर जगह-जगह मलबा जमा है, जिसके कारण आवागमन बाधित है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में 7 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। दूसरी तरफ असम में बारिश, बाढ़, तूफान और लैंडस्लाइड में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 62 पहुंच गया है। जबकि 3 लोग लापता हैं। बाढ़ के कारण 29 जिलों में 22 लाख लोग प्रभावित हैं। नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के कारण 77 जानवरों की मौत हो चुकी है। 94 जानवरों का अब तक रेस्क्यू किया जा चुका है।

————

 

Leave a Comment