हरियाना/यूटर्न/1जुलाई: लोकसभा चुनाव में बहुमत ना मिलने के कारण भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक वर्कर ने जान दे दी। आम चुनाव के दौरान ‘अबकी बार 400 पार’ नारा देने वाली बीजेपी महज 240 सीटों पर सिमट गई। पार्टी की परफॉर्मेंस से परेशान एक कार्यकर्ता ने जहर खाकर अपनी जान गंवा दी। ये मामला हरियाणा के हिसार जिले का है। 45 वर्षीय बीजेपी कार्यकर्ता सुखविंदर अपने ससुराल पहुंचा था। जहां उसने जहर खा लिया। सुखविंदर के भाई जुगविंदर ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार दादरी के नंदा गांव से ताल्लुक रखता है। सुखविंदर पिछले कई सालों से बीजेपी से जुड़ा था। वो भिवानी के परिवहन विभाग में काम करता था।
चुनावी नतीजों से था परेशान
जुगविंदर का कहना है कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुमत ना मिलने से सुखविंदर मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रहा था। घर के लोगों ने उसे बहुत समझाने की कोशिश की। मगर वो किसी की बात का कोई जवाब नहीं देता और चुपचाप एक जगह बैठा रहता था।
जहर खाकर दी जान
हिसार की मिर्जापुर रोड स्थित श्रीनगर कॉलोनी में सुखविंदर का ससुराल था। वो अपने सास-ससुर के घर गया था। वहीं शुक्रवार की रात को सुखविंदर ने जहर खा लिया। परिवार को जब इस बात की भनक लगी तो सब सुखविंदर को आनन-फानन में अस्पताल ले गए। जहां, डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में बीजेपी को 240 सीटें मिली। हालांकि एनडीए के सहयोगी दलों का साथ पाकर बीजेपी ने आसानी से सरकार बना ली। मगर इस चुनाव में विपक्ष ने भी करारी टक्कर दी। इंडिया गठबंधन 240 से ज्यादा सीटें जीतने में कामयाब रहा। वहीं हरियाणा की बात करें तो राज्य की 10 लोकसभा सीटों में से 5 बीजेपी और 5 कांग्रेस के खाते में चली गई।
—————-
