watch-tv

आप MLA पॉवर छीनने के डर से नहीं करवा रहे निगम चुनाव, निगम कमिश्नर डवेलपमेंट-मेंटेनन्स कराने में असमर्थ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लुधियाना की राजनीति व निगम कार्यों को लेकर पूर्व पार्षद पंकज काका ने किए खुलासे

(राजदीप सिंह सैनी)

लुधियाना 30 जून। नगर निगम चुनाव को देरी हुए करीब ढ़ाई साल का समय हो गया है। लेकिन अभी भी तय नहीं है कि आखिर नगर निगम चुनाव कब करवाए जाएंगे। वहीं दूसरी तरफ मानसून दस्तक दे चुका है, लेकिन अभी तक नगर निगम द्वारा शहर के सीवरेज, नालियां व नाले साफ नहीं करवाए जा सके हैं। जिसके चलते विरोधी पार्टी के नेताओं द्वारा लगातार आम आदमी पार्टी और निगम पर निशाना साधा जा रहा है। वहीं राजनीति और निगम कार्यों को लेकर पूर्व पार्षद पंकज शर्मा काका द्वारा बड़े खुलासे किए गए हैं। पंकज शर्मा ने कहा कि दरअसल, आम आदमी पार्टी के सभी विधायक खुद ही नहीं चाहते कि नगर निगम चुनाव हो। वह सारी पॉवर अपने हाथ में रखना चाहते हैं। अगर चुनाव हुए तो आप पार्टी को लुधियाना में करारी हार देखने को मिलेगी। इसी पॉवर छीनने के डर से वह चुनाव नहीं करवा रहे। काका ने कहा कि वह राजनीति में पहली बार देख रहे है कि इतनी चुनाव में इतनी देरी की जा रही है। पंजाब के लोग कांग्रेस पर भरोसा जता रहे हैं। इसी लिए आप सरकार को लगता है कि कांग्रेस जीत जाएगी, तो वह डरे हुए हैं।

मानसून से पहले निगम की नहीं कोई तैयारी

पूर्व पार्षद पंकज काका ने कहा कि मानसून से पहले नगर निगम की कोई तैयारी नहीं है। न ही आप के नेताओं द्वारा लोगों की सुरक्षा के लिए कोई प्रबंध किए हैं। काका ने कहा कि उनके पार्षद रहने के दौरान नालियां साफ करवाई जाती थी और रोड सही किए जाते थे। जबकि ड्रेनेज सिस्टम दरुस्त रखा जाता था, ताकि पानी सड़कों पर न आए। मानसून से दो महीने पहले ही कार्य शुरु हो जाते थे। लेकिन इस बार मानसून आ गया और अभी तक जाली तक साफ नहीं हो सकी है। आप विधायक लोगों के कार्य कराने में असमर्थ है। जिसके चलते उन्होंने अपने वॉर्ड को अपना परिवार समझते हुए अपने प्राइवेट तीन कर्मी लगाकर जालियां साफ कराने का काम शुरु किया है।

निगम कमिश्नर नहीं करवा पा रहे डवेलपमेंट
काका ने कहा कि नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि का व्यू डवेलपमेंट वाला नहीं है। न ही वह मेनटेंन्स करवा पा रहे हैं। यहां तक कि ठेकेदारों को पेमेंट तक नहीं दी जा रही। निगम कमिश्नर विभाग के कार्य करवाने में असमर्थ है। अब मानसून में निगम के भेद खुलने के डर से कमिश्नर पहले ही 15 दिन की छुट्टी लेकर चले गए। काका ने कहा कि उन्होंने अपने वार्ड की 95 प्रतिशत सड़कें पहले ही बनवा दी थी। 1-2 सड़कें कुछ जगह से टूटी है। एक साल से निगम कमिश्नर, एसडीओ व बीएंडआर विभाग को शिकायतें दे रहे हैं। लेकिन वह हल नहीं करवा रहे। पैचवर्क के लिए रखा रोडरोलर पिछले 9 महीने से खराब पड़ा है। उसे अधिकारी व नेता ठीक नहीं करवा रहे, ताकि डवेलपमेंट न हो सके।

सरकार आपके द्वार मुहिम जैसी निगम की मशीनरी
काका ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाई मुहिम सरकार आपके द्वार जैसी नगर निगम की मशीनरी हुई पड़ी है। न तो यह मुहिम सही से चल सकी और न ही निगम की मशीनरी चल रही है। आप सरकार द्वारा डॉ. रोड मशीन लाई गई। उक्त मशीन उन्होंने एक बार वार्ड में मंगवाई। एक खड्डे के लिए चार घंटे कर्मी लगे रहे। लेकिन मशीनरी सही न होने के चलते काम नहीं हो सका। नेताओं को पता ही नहीं है कि कैसे विकास कार्य करवाने है और कौन सी चीज की जरुरत है।

कमिश्नर व विधायक द्वारा अवैध बिल्डिंग पर नहीं लिया जा रहा एक्शन
पंकज शर्मा काका ने कहा कि साउथ सिटी रोड पर बकलावी होटल के साथ बन रही अवैध बिल्डिंग के मालिक द्वारा सरकार की 550 गज जमीन हड़प की गई है। निगम कमिश्नर और हलके के विधायक को इसकी जानकारी है। मगर वह खुद ही इस पर एक्शन नहीं ले रहे। हो सकता है कि दिल्ली से फोन आने के चलते कार्रवाई नहीं हो रही। काका ने कहा कि वह इस बिल्डिंग के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगें। आज नहीं तो कल लेकिन जब भी मौका मिलेगा, वह इस बिल्डिंग को जरुर गिराएंगे, क्योंकि यह अवैध तरीके से बनाकर जनता की जान को खतरे में डाला जा रहा है। रही बात सेटिंग की तो वह निगम कमिश्नर से पूछा जाना चाहिए, कि आखिर क्यों इस पर एक्शन नहीं हो रहा।

Leave a Comment