फोकल प्वाइंट की फैक्ट्री में डकैती, वर्करों को बंधक बना ढ़ाई लाख कैश व 7 मोबाइल लूटे, पुलिस सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लुधियाना 1 जून। गांव जंडियाली में बदमाशों द्वारा एक फैक्ट्री में डकैती की गई। जहां पर वर्करों को बंधक बनाकर नकदी व मोबाइल लूट लिए गए। जब बदमाश वारदात कर फरार हो गए तो किसी तरह वर्करों ने अपने हाथ खोले। जिसके बाद सारी वारदात की जानकारी मालिक को दी। मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मालिक के अनुसार बदमाश ऑफिस में पड़ी ढ़ाई लाख रुपए की नकदी व सात मोबाइल लुटकर ले गए हैं। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने गुरदेव नगर के अतुल जिंदल की शिकायत पर 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एएसआई गुरचरन सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की चंडीगढ़ रोड स्थित जंडियाली में आर.के. मैंटल के नाम से फैक्ट्री है। फैक्ट्री 24 घंटे चलती है। शिकायतकर्ता रोजाना की तरह 30 मई को भी फैक्ट्री से घर आ गया। जबकि फैक्ट्री में वर्कर काम कर रहे थे। देर रात करीब एक दर्जन हथियारबंद लुटेरे फैक्ट्री में घुस गए। इस दौरान उन्होंने सभी वर्करों को बंधक बना लिया। जिसके बाद उन्होंने ऑफिस में पड़ा कैश, एक मोबाइल लूट लिया। जबकि वर्करों से भी उनके छह मोबाइल छीन लिए।

शहर में कड़ी सुरक्षा, फिर भी वारदातें हो रही
लुधियाना पुलिस की और से लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शहर में कड़ी सुरक्षा के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन उसके बावजूद भी इस तरह वारदातें होना और बदमाशों द्वारा सड़कों पर हथियार लेकर घुमना कही न कही पुलिस पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।