लुधियाना 28 मई। हंबड़ा रोड स्थित लाइफ लाइन अस्पताल का खुद को डॉक्टर बता एक नौसरबाज ने करियाना शॉप पर फोन कर 15 पेटी रिफाइंड मंगवा लिया। जिसके बाद रिफाइंड कार में रखकर खुद फरार हो गया और शॉप वर्कर को रिसेप्शन पर जाकर पेमेंट लेने की बात कह दी। जिसके बाद पता चला कि उक्त व्यक्ति डॉक्टर नहीं था। जिसके बाद करियाना शॉप मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने नो लखा गार्डन कॉलोनी के कुशल गुगलानी की शिकायत पर डॉ. आरएस महेश्वरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की करियाने की शॉप है। शिकायतकर्ता के अनुसार उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लाइफ लाइन अस्पताल का डॉ. आरएस महेश्वरी बताया। उसने कहा कि उन्होंने माता वैष्णो देवी धार्मिक यात्रा 2024 के संबंध में लंगर का आयोजन करना है। जिसके चलते उन्हें रिफाइंड ऑयल चाहिए। शिकायतकर्ता ने उसका ऑर्डर नोट किया और अपने वर्कर को रिफाइंड की पेटियां लेकर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल के बाहर की आरोपी द्वारा उक्त पेटियां अपनी गाड़ी में रखवा ली गई। जिसके बाद लाइफ लाइन अस्पताल के लेटर पैड पर पेमेंट संबंधी लिखकर रिसेप्शन पर पैसे लेने भेज दिया। जब वर्कर रिसेप्शन पर पहुंचा तो पता चला कि अस्पताल की तरफ से कोई ऑर्डर ही नहीं दिया गया था। न ही अस्पताल में आरएस महेश्वरी नाम का कोई डॉक्टर है। जिसके बाद नौसरबाजी का पता चला।
