पंजाब 25 मई। पंजाब से घूमने गए युवकों की स्कार्पियों गाड़ी कश्मीर के कुलगाम जिले के मीर बाजार एरिया में अचानक हादसे का शिकार हो गई। हादसा कैसे हुआ, इसके बारे में अभी पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे। जिसमें से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 जख्मियों को जीएमसी अस्पताल दाखिल कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान मोगा के संदीप शर्मा (28), रोमी (26), जगदीश उर्फ हनी (23) और गुरमीत सिंह (23) के रूप में हुई है। वहीं, घायल लोगों की पहचान हरचंद सिंह (35), करनपाल (25) और आशू (18) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार उक्त पंजाब के लोग स्कार्पियों गाड़ी में सवार होकर कश्मीर घूमने आए थे। लेकिन शनिवार दोपहर अचानक उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा बलों ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से जख्मी हुए लोगों को निकाला और जंगलात मंडी स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने 4 लोगों की मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाकियों का इलाज वहां किया जा रहा है।
उप राज्यपाल ने भी जताया दुख
पुलिस पोस्ट मीर बाजार के इंचार्ज तौसर खान ने बताया है हादसे का शिकार हुए सातों लोग पंजाब के मोगा जिले से संबंध रखते हैं। सभी के पारिवारिक सदस्यों को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। ये हादसा आज दोपहर के वक्त हुआ। जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कुलगाम में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, ‘आज कुलगाम में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में कई लोगों की जान जाने की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।’
