सूबे के पूर्व गोयल मंत्री बोले, खट्टर के बाद अब सैनी सरकार में भी जनता से किए वादे हो रहे हैं पूरे
अंबाला, 30 जून। यहां नगर निगम में कई साल से कार्यरत 79 कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी प्रमाणपत्र दिए गए। पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत काम कर रहे इन कर्मचारियों को प्रमाण पत्र बांटे।
पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल ने कहा कि चुनावों के दौरान नेताओं द्वारा किए वादे अक्सर चुनावों के बाद दम तोड़ देते हैं। जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चुनावी वादों की परिभाषा बदल डाली है। आज प्रदेशवासियों की जुबां पर यही शब्द हैं कि नायब ने जो कहा वो किया। गोयल ने बताया कि पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया था। अब नायाब मुख्यमंत्री की नायाब नीतियां घर घर खुशहाली पहुंचा रही हैं।
गोयल ने तंज कसा कि जिसे विपक्ष केवल चुनावी मुद्दा बताता था, उस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने विपक्षियों का मुंह बंद करने का काम किया है। पूर्व सरकारों के राज में चलने वाले भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, कृपा वाद, पर्ची खर्ची को जड़ से खत्म किया। जॉब सिक्योरिटी प्रमाणपत्र मिलने के बाद नगर निगम कर्मियों ने खुलकर अपनी खुशी का इजहार किया। उन्होंने इस नायाब सौगात के लिए मुख्यमंत्री और पूर्व मंत्री असीम गोयल का आभार जताया।
———-