अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी 9 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक भारत दौरे पर हैं। शनिवार को वे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित दारुल उलूम देवबंद पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस सम्मान समारोह का वीडियो सामने आने के बाद मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने कड़ी नाराजगी जताई है।
जावेद अख्तर ने जताई नाराजगी
जावेद अख्तर ने अपने आधिकारिक X अकाउंट (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “मेरा सिर शर्म से झुक जाता है जब मैं देखता हूं कि दुनिया के सबसे खतरनाक आतंकी संगठन तालिबान के प्रतिनिधि का स्वागत और सम्मान किया जा रहा है, वो भी उन्हीं लोगों द्वारा जो सार्वजनिक मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाते हैं।”
उन्होंने आगे लिखा, “देवबंद पर भी शर्म आती है कि उन्होंने ऐसे व्यक्ति को ‘इस्लामी हीरो’ कहकर सम्मानित किया, जिसने अपने देश में लड़कियों की शिक्षा पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। मेरे भारतीय भाइयों और बहनों, आखिर हमारे साथ क्या हो रहा है?”
भारत दौरे को लेकर विवाद
अफगान विदेश मंत्री के भारत दौरे को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों को बुलाया नहीं गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद शनिवार को दोबारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें महिला पत्रकारों को आमंत्रित किया गया और उन्हें पहली पंक्ति में बैठाया गया।
इस प्रेस वार्ता में मौजूद स्मिता शर्मा, सुहासिनी हैदर और कादंबिनी शर्मा जैसी वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने मुत्तकी से कई तीखे सवाल किए। अफगान मंत्री का यह दौरा भारत और अफगानिस्तान के बीच संबंधों को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।