चंडीगढ़, 2 दिसंबर — हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने सत्र 2025-26 के लिए अराजकीय अस्थायी मान्यता प्राप्त सैकेण्डरी/सीनियर सैकेण्डरी विद्यालयों के सम्बद्धता आवेदन-पत्र भरने की प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। बोर्ड के अनुसार विद्यालय 3 दिसंबर से 12 दिसंबर तक आवेदन-पत्र व 8000 रुपये सम्बद्धता निरंतरता शुल्क ऑनलाइन गेटवे पेमेंट के माध्यम से जमा करवा सकेंगे।
जो विद्यालय निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाएंगे, वे 13 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक 5000 रुपये विलम्ब शुल्क के साथ आवेदन-पत्र एवं शुल्क ऑनलाइन जमा करवा सकते हैं।
बोर्ड प्रवक्ता ने जानकारी दी कि सम्बद्धता शुल्क एचडीएफसी बैंक के गेटवे पेमेंट माध्यम से जमा करवाया जाएगा। साथ ही सत्र 2021-22 से 2024-25 तक का बकाया GST शुल्क तथा सत्र 2025-26 का सम्बद्धता निरंतरता शुल्क 18% GST (CGST 9% + SGST 9%) सहित जमा करना अनिवार्य है।
आवेदन-पत्र व शुल्क बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भरना होगा। सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। तकनीकी सहायता के लिए विद्यालय 01664-254300, सम्बद्धता शाखा 01664-244171-176 Ext. 111 पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं या asaffi@bseh.org.in पर ई-मेल कर सकते हैं।
