सूबे के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने किया ऐलान, नामचीन उद्यमियों को सौंपी जिम्मेदारी
लुधियाना, चंडीगढ़, 5 अगस्त। पंजाब की औद्योगिक-राजधानी लुधियाना को पहली बार बड़ी उपलब्धियां हासिल हो रही है। लुधियाना वैस्ट हल्के से उप चुनाव जीतकर सूबे के उद्योग-मंत्री बने संजीव अरोड़ा लगातार इंडस्ट्री के लिए अहम कदम उठा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक अब अरोड़ा ने औद्योगिक-नीति और व्यापार सुगमता में सुधार के लिए उद्योग विशेषज्ञों से सुझाव लिए। फिर उद्योग मंत्री ने 15 नई सैक्ट्रोल कमेटियों के गठन की घोषणा की, अब कमेटियां 24 हो गई हैं। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा करते उन्होंने कहा कि नवगठित कमेटियों में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों के सदस्य शामिल हैं। नई समितियां आईटी क्षेत्र, साइकिल उद्योग, ऑटो और ऑटो कंपोनेंट्स, इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, स्टील और रोलिंग मिल्स, प्लास्टिक और रासायनिक उत्पाद, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग, फिल्म मीडिया, फार्मास्यूटिकल्स और जैव प्रौद्योगिकी, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थान, अस्पताल और स्वास्थ्य सेवा, स्टार्टअप, खुदरा और ईएसडीएम- इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन और विनिर्माण पर केंद्रित हैं।
नवगठित 15 समितियों के चेयरमैन इस प्रकार हैं :
प्रताप अग्रवाल (आईडीएस इन्फोटेक, मोहाली) – आईटी सेक्टर, ओंकार सिंह पाहवा (एवन साइकिल्स, लुधियाना) – साइकिल उद्योग, परितोष गर्ग (हैप्पी फोर्जिंग्स, लुधियाना) – ऑटो और ऑटो कंपोनेंट्स, इंद्रवीर सिंह (इवेज मोटर्स, मोहाली) – इलेक्ट्रिक वाहन, आशीष कुमार (वर्बियो, संगरूर) – नवीकरणीय ऊर्जा, सचित जैन (वर्धमान स्टील, लुधियाना) – स्टील और रोलिंग मिल्स, अभि बंसल (एसोचैम और एमडी सरस्वती एग्रो केमिकल्स, एसएएस नगर) – प्लास्टिक और केमिकल उत्पाद, अश्वनी नायर (कैप्टन) (हिंद टर्मिनल, लुधियाना) – लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग, दिनेश औलक (स्पीड रिकॉर्ड्स) – फिल्म मीडिया, वरिंदर गुप्ता (आईओएल केमिकल्स और फार्मास्यूटिकल्स, बरनाला) – फार्मास्यूटिकल्स और बायोटेक्नोलॉजी, जसपाल सिंह संधू (डॉ.) (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, जालंधर)- विश्वविद्यालय एवं कोचिंग संस्थान, बिशव मोहन (डॉ.) (डीएमसी लुधियाना)- अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा, ममता भारद्वाज (न्यूरॉन, पंजाब स्टार्टअप हब)- स्टार्टअपस , उमंग जिंदल (होम लैंड ग्रुप)- खुदरा, कमलजीत सिंह (डॉ.) (सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी लिमिटेड)- ईएसडीएम- इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं मैन्युफैक्चरिंग।
अरोड़ा ने कहा कि प्रत्येक समिति में एक चेयरमैन और उद्योग जगत से कुछ सदस्य होंगे। हालांकि, सरकार के विवेकानुसार और सदस्य जोड़े जा सकते हैं। प्रत्येक समिति को सचिवालयी सहायता समिति के सदस्य-सचिव द्वारा प्रदान की जाएगी, जो समिति की बैठकों के आयोजन और कार्यवृत्त तैयार करने के भी प्रभारी होंगे।
————-