खूंखार आतंकी करने वाले मेजर दहिया को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
हरियाणा, 23 मई। सोनीपत जिले के रहने वाले मेजर आशीष दहिया को उनके अद्वितीय साहस के लिए भारत सरकार ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया। भव्य समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने उनको यह सम्मान-चिन्ह सौंपा। राष्ट्रपति भवन में गत दिवस रखे इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत गण्यमान्य लोग व सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के मुताबिक पुलवामा में आतंकवादियों के खिलाफ सैन्य अभियान में मेजर दहिया ने सराहनीय भूमिका निभाई थी। उनको गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान शौर्य चक्र देने का ऐलान किया गया था। दो जून 2024 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकवादियों के खिलाफ एक हाई रिस्क ऑपरेशन के दौरान मेजर दहिया ने कमान संभाली थी। उन्होंने ना सिर्फ खतरनाक आतंकवादी को घायल किया, बल्कि गोलीबारी के दौरान ग्रेनेड से घायल हुए एक सैनिक को बचाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया था। उन्होंने खूंखार आतंकी भी ढेर किए थे।
इसके पहले मेजर दहिया ने जून, 2022 से अब तक पांच उच्च जोखिम वाले सैन्य अभियानों में हिस्सा लिया। इन अभियानों में उन्होंने चार कट्टर आतंकवादियों को ढेर किया और तीन आईईडी को निष्क्रिय कर बड़े खतरे को टाला था। मेजर आशीष दहिया का परिवार भी देशसेवा की भावना से ओतप्रोत रहा है। उनके पिता स्व. अशोक दहिया सेना में लांस नायक के पद पर थे। उनके ताऊ जगबीर सिंह दिल्ली पुलिस से उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हैं। मेजर के जुड़वां भाई अनीश दहिया भी सेना में मेजर हैं। जबकि आशीष की पत्नी अनुषा दहिया भी सेना में मेजर के पद पर कार्यरत हैं।
————