दादरी में चलती गाड़ी पर पेड़ गिरा, मौसम विभाग का कयास तीन जून तक होगी बारिश
हरियाणा, 31 मई। सूबे के दस जिलों में शनिवार को दोपहर बाद मौसम अचानक बिगड़ गया। कई जिलों में बारिश के साथ तेज आंधी भी चली। जहां बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं आंधी के कहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त भी रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन जून तक हरियाणा के ज्यादातर जिलों में बारिश होने के आसार हैं। जानकारी के मुताबिक अंबाला, सोनीपत, कैथल, चरखी दादरी, हिसार, जींद, सिरसा, रेवाड़ी, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में खासी बारिश हुई। वहीं, चरखी दादरी में तूफान के बीच बाढड़ा में चलती गाड़ी पर पेड़ गिर गया। जिसमें कार सवार लोग बाल-बाल बच गए। यहां बिजली के पोल भी टूट गए। वहीं झज्जर, सोनीपत, रोहतक और फरीदाबाद में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया। जहां तेज बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी मानसून की रफ्तार ठीक है। जून में कुछ ब्रेक लग सकता है। इसके बावजूद अच्छी बारिश की संभावना है। हरियाणा में मानसून के पहुंचने का सामान्य समय 24 से 29 जून के बीच है।
———–