सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के जांच अधिकारी की मौत, एनआईए ने फेक पासपोर्ट बनाने वाला लॉरेंस का गुर्गा पकड़ा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब 24 मई। मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के हत्या की जांच करने वाले जांच अधिकारी रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई है। शुक्रवार को उनकी मानसा कोर्ट में पेशी थी, लेकिन इसी दिन बीमारी से उनके निधन की खबर आई। उन्हें लुधियाना के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। जिसके बाद कोर्ट ने सुनवाई की तारीख जुलाई महीने में तय कर दी। बता दें कि 29 मई 2022 को मानसा के जवाहरके में सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। इसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी। उस वक्त सब इंस्पेक्टर अंग्रेज सिंह मानसा के थाना सिटी-1 के इंचार्ज थे। हालांकि जांच शुरू करने के बाद बीमार होने पर वह रिटायर हो गए थे। उनका बेटा भी पंजाब पुलिस में है। इसी बीच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लॉरेंस गैंग के एक गुर्गे राहुल सरकार को गिरफ्तार किया है। मूसेवाला की हत्या के साजिश में शामिल गैंगस्टर लॉरेंस के भांजे सचिन थापन को इसी ने फेक पासपोर्ट बनाकर दिया था। जिसके बाद वह अजरबैजान भाग निकला।

गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम के तहत हुई गिरफ्तारी

राहुल सरकार की गिरफ्तारी धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) की धारा 17, 18 और 18-बी के तहत दर्ज 2022 के मामले के संबंध में की गई है। गैरकानूनी गतिविधियों के लिए धन जुटाने सहित अन्य गतिविधियों को देखते हुए गृह मंत्रालय के निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई थी। उसे शुक्रवार को ही दिल्ली की एनआईए कोर्ट में पेश किया गया है। दरअसल, मूसेवाला की हत्या के बाद साल 2022 में एनआईए ने अवैध गतिविधि रोकथाम के लिए 2 अलग-अलग FIR दर्ज की थीं। एक एफआईआर में लॉरेंस गैंग के गुर्गों को नामजद किया गया था। दूसरी में लॉरेंस के एंटी गैंग के गुर्गों को भी नामजद किया गया था।

Leave a Comment