करुणा, समृद्धि और धर्म का प्रतीक हैं गौ माता : एमपी राजेंदर गुप्ता
लुधियाना — धार्मिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुके श्री गोबिंद गौ धाम, हंबड़ा रोड में 25 वर्षों बाद एक बार फिर विस्तार का अवसर आया है। इस नई शुरुआत के अंतर्गत 30 नवंबर को बड़े स्तर पर भूमि पूजन एवं शिला पूजन का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। भक्तों में भी इस समारोह को लेकर खासा उत्साह है।
इसी क्रम में गौ धाम के नवनियुक्त ट्रस्टी परवीन अग्रवाल (एमके) और उद्योगपति अशोक गोयल ने आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता को कार्यक्रम के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने गुप्ता से आग्रह किया कि सनातन धर्म में पूजनीय गौ माता की सेवा से जुड़े इस पावन अवसर पर अपनी उपस्थिति देकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएँ।
अग्रवाल अनुसार एमपी गुप्ता ने कहा की गौ माता करुणा, समृद्धि और धर्म का प्रतीक हैं। भारतीय संस्कृति में उन्हें ‘सर्वदेवमयी’ कहा गया है, जिनकी सेवा को सर्वोच्च पुण्य माना जाता है। ऐसा शुभ कार्य में शामिल होना हर भारतीय के लिए सम्मान जनक है
निमंत्रण स्वीकार करते हुए राजिंदर गुप्ता ने आश्वासन दिया कि वे समारोह में अवश्य शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि गौ-सेवा भारतीय सभ्यता की आत्मा है और इससे समाज में शांति, संतुलन व सद्भावना का संदेश मिलता है।
इस अवसर पर सुशिक्षित टंडन, प्रणव गोयल सहित अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से 30 नवंबर को गौ धाम पहुँचकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
