आप के अरोड़ा, कांग्रेस से आशु, शिअद के घुम्मन का लगता है यही नारा, हम तो खुशहाल, जनता को भी करेंगे मालामाल
———
प्रमुख उम्मीदवारों में अरोड़ा तो हैं अव्वल जायदाद के मामले में, नामाकंन पत्र में दाखिल हलफनामे के मुताबिक
लुधियाना, 31 मई। लुधियान वेस्ट उप-चुनाव में प्रमुख उम्मीदवार करोड़पति हैं। आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा, कांग्रेस से भारत भूषण आशु और शिरोमणि अकाली के एडवोकेट परउपकार सिंह घुम्मन ने अपने नामाकंन पत्र दाखिल करते हुए हलफनामे में अपनी जायदाद का कुल ब्योरा दिया है।
जानकारी के मुताबिक आप प्रत्याशी संजीव अरोड़ा इस मामले में अव्वल साबित हो गए, जो अरबों की संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने एससीडी गवर्नमेंट कॉलेज लुधियाना से बीकॉम की डिग्री हासिल की थी। राज्यसभा सांसद अरोड़ा के पास एक टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी है। जबकि उनकी कुल 2 अरब 68 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। साल 2023-24 में उनकी कुल 1.76 करोड़ से अधिक आय रही। पत्नी संध्या अरोड़ा की आय 8.53 लाख रुपए रही। पत्नी संध्या अरोड़ा की चल संपत्ति 14.88 करोड़ से अधिक है। अरोड़ा की स्वयं अर्जित अचल संपत्ति का क्रय मूल्य 4,42,88,946 रुपए है। वहीं, संध्या अरोड़ा की अचल संपत्ति का क्रय मूल्य 4,34,21,905 रुपए है। हलफनामे के अनुसार आप प्रत्याशी संजीव अरोड़ा पर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है। साथ ही कोई देनदारियां शेष नहीं हैं। संसद से जारी पत्र के अनुसार राज्यसभा सदस्य के रूप में भी संजीव अरोड़ा पर कोई
भुगतान लंबित नहीं है।
जबकि आशु और उनकी पत्नी की कुल जायदाद 9.74 करोड़ रुपए है। जिसमें चल संपत्ति 2.27 करोड़ तो अचल संपत्ति 3.34 करोड़ है। आशु की पत्नी के पास 85 ग्राम सोने के गहने हैं। उनकी कुल सालाना आमदनी 17 लाख 20 हजार 198 रुपए है। जबकि उन पर कुल कर्जदारी 25 लाख 13 हजार रुपए है।
इसी तरह अकाली उम्मीदवार घुम्मन तीन एससीओ के मालिक हैं। साथ ही उनकी खेतीबाड़ी की जमीन है। इसके अलावा पीएफ में उन्होंने करीब 3 लाख 71 हजार रुपए इन्वेस्ट किए हैं। उनकी पत्नी के पास कुल 500 ग्राम सोना ह , जिसकी कीमत 48 लाख 46 हजार रुपये है। उनकी सोलन समेत कई जगह जमीन भी है। वहीं शहर की फिरोज गांधी मार्केट और बीआरएस नगर में एससीएफ हैं।
————