भाजपा नेतृत्व के फैसले से चौंक गए सियासी-जानकार और पार्टी वर्कर भी
लुधियाना, 31 मई। आखिरकार लुधियाना वैस्ट विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उप चुनाव में भाजपा ने अपना उम्मीदवार जीवन गुप्ता को घोषित कर दिया। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने औपचारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से पार्टी से जुड़े जीवन गुप्ता दो बार भाजपा के प्रांतीय महासचिव बने। वह पार्टी के मातृ-संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी काफी समय से जुड़े हैं। कार एसेसेरीज के कारोबारी होने के नाते उनकी कारोबारियों के बीच भी अच्छी पकड़ मानी जाती है। दूसरी तरफ, पार्टी के इस चौंकाने वाले फैसले से सियासी-जानकार ही नहीं, भाजपा वर्कर भी तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। यहां उल्लेखनीय है कि लुधियाना वैस्ट से ही पिछला विस चुनाव लड़ चुके सीनियर एडवोकेट बिक्रम सिंह सिद्धू को ही सबसे सशक्त दावेदार माना जा रहा था। दूसरी तरफ, यह भी चर्चा रही थी कि पार्टी इस सीट पर किसी बड़े महिला चेहरे को उतार सकती है।