खराब मौसम के बीच दो बाइक सवारों ने घर पर की फायरिंग, सिंगर सुनंदा से विवाद से चर्चा में आए थे पिंकी
मोहाली, 16 मई। यहां खराब मौसम का फायदा उठा बाइक सवार हमलावर म्युजिक प्रोड्यूसर पुष्पिंदर धालीवाल उर्फ पिंकी के घर पर फायरिंग कर फरार हो गए। वह पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा से विवाद के बाद चर्चा में आए थे। जानकारी के मुताबिक मोहाली के सैक्टर-71 स्थित पिंकी के घर के बाहर छह-सात राउंड हवाई फायरिंग हुई। बाइक पर आए हमलावर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक पर यूपी नंबर की नंबर प्लेट थी। खराब मौसम के दौरान आरोपी बीती रात करीब 10 बजे आए थे। हमलावर पहले पैदल गुजरे, फिर बाइक पर आकर फायरिंग कर दी। घटना के वक्त
पिंकी धालीवाल घर पर नहीं थे। सूचना मिलते ही मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस और उनकी टीम मौके पर पहुंची और गोलियों के खोखे बरामद किए।
घटना वाला प्राइम एरिया है, यहां कई नामी लोगों के घर हैं। यहां राजनीतिक लोग भी रहते हैं। लिहाजा पुलिस अलर्ट मोड पर है। यहां गौरतलब है कि सिंगर सुनंदा शर्मा और पिंकी धालीवाल की मार्च महीने में एक कन्ट्रोवर्सी सामने आई थी। सुनंदा शर्मा की शिकायत पर मटौर थाने की पुलिस ने धोखाधड़ी की कोशिश और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में पिंकी धालीवाल पर केस दर्ज उन्हें गिरफ्तार किया था।
————-