पंजाब 22 मई। भाखड़ा बांध की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा सीआईएसएफ की तैनाती पर बवाल मचा है। पंजाब सरकार ने इसका सीधा विरोध किया है। सीएम भगवंत मान का कहना है कि जो काम पंजाब पुलिस मुफ्त में कर रही है, उसके लिए हम पैसे क्यों दें। इसकी क्या जरूरत है। मान ने कहा कि अब पानी की कोई समस्या नहीं है। यह अगले साल की तैयारी है। उन्होंने पंजाब भाजपा के बड़े नेताओं कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, रवनीत सिंह बिट्टू और मनप्रीत सिंह बादल से पूछा है कि क्या यह पत्र आपकी सहमति से जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आदेश जारी किए गए हैं कि सीआईएसएफ के 296 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक कर्मचारी पर प्रति वर्ष 2.90 लाख रुपये का खर्च आएगा। इस हिसाब से बीबीएमबी या पंजाब केंद्र को 8.58 करोड़ रुपये देगा।
बांध निर्माण में लिए 143 करोड़ वापस नहीं किए
उन्होंने कहा कि इसकी क्या जरूरत थी। पंजाब पुलिस यह काम मुफ्त में कर रही है। उन्होंने कहा कि हम कभी भी यह स्वीकार नहीं करेंगे कि हम अपना पानी वापस लौटाएं और उसका भुगतान भी करें। बीबीएमबी एक सफेद हाथी है। बांध बनाने के समय लिए गए 143 करोड़ वापस नहीं किए गए। सीएम ने कहा कि भाखड़ा नहर विवाद में सर्वदलीय अधिवेशन में पंजाब भाजपा के नेता भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा था कि पंजाब का पानी बाहर नहीं जाने देंगे। भाजपा नेता बताएंगे कि क्या उनकी सहमति से पत्र आया है।