आरोपी लुधियाना से फरार होकर अमेरिका पहुंचे पंकज के साथ मिलकर कर रहा था नशा तस्करी का धंधा
जगरांव, 20 मई। यहां गुरुसर गांव में पुलिस से मुठभेड़ के दौरान एक नशा तस्कर जख्मी हो गया। दरअसल इस दौरान पुलिस ने महंगी बाइक पर भाग रहे तस्कर के टांग में गोली मार दी। गोली लगने से बाइक स्लिप होने पर गिरने के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ मंगलवार सुबह करीब सात बजे गुरूसर गांव में हुई। आरोपी रोशन सिंह निवासी बड़ा भाईके, फिरोजपुर का रहने वाला है। उस पर पंजाब के कई शहरों में हत्या, लूट, डकैती और नशा तस्करी के करीब 15 मामले दर्ज हैं। इसके पहले पकड़े तीन आरोपियों को वह 300 हेरोइन सप्लाई करता था। पुलिस ने उसे इस मामले में नामजद कर रखा था।
जब पुलिस मोगा से गुरूसर रोड पर गश्त कर रही थी, तभी आरोपी बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने देसी कट्टे से पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसकी टांग में लगी। पुलिस ने उससे देसी कट्टा, 9 कारतूस और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद की। शक है कि यह रिवॉल्वर चोरी की है।
एसएसपी डॉ. अकुर गुप्ता ने बताया कि आरोपी रोशन जेल में रहते हुए भी नशे का नेटवर्क चला रहा था। उसके लिंक अमेरिका तक हैं। पुलिस उसके पुराने मामलों में शामिल साथियों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
पुलिस को जांच में पता चला कि लुधियाना के पुनीत नगर का पंकज राजपूत हत्या, हत्या की कोशिश और असला एक्ट समेत 15 से 20 मामलों में वांछित है। पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है। सूत्रों के अनुसार, पंकज पिछले साल लुधियाना से अमेरिका फरार हो गया था। जेल में पंकज की मुलाकात आरोपी रोशन सिंह से हुई थी। दोनों ने मिलकर नशे का कारोबार शुरू किया।
———–