वड़िंग की चुनौती, जाखड़ विधायक भतीजे से इस्तीफा दिला अबोहर से खुद लड़ें मेरे मुकाबले, जो हारा प्रधानगी छोड़ेगा
लुधियाना, 23 मई। यहां से लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पंजाब कांग्रेस के प्रधान भी हैं। उन्होंने पार्टी मुखिया के तौर पर सीधे पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को ‘सियासी-पंजा’ लड़ाने की चुनौती दी है।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आज भाजपा के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ को चैलेंज दिया है। इस बारे में उनका सोशल-मीडिया में ताजा बयान खूब वायरल हो रहा है। दरअसल वड़िंग ने जाखड़ को अबोहर हल्के से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। साथ ही दावा किया कि अगर जाखड़ जीते तो वह प्रधान पद से इस्तीफा दे देंगे, यदि जाखड़ चुनाव हारे तो उनको प्रधानगी छोड़नी होगी।
वड़िंग ने कहा कि जाखड़ अपने भतीजे संदीप जाखड़ से पहले इस्तीफा दिलाएं, जो अबोहर से कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने थे, फिर खुद इसी सीट से चुनाव लड़ें, मैं उनके खिलाफ कांग्रेसी उम्मीदवार के तौर पर लड़ूंगा।
कसा तंज, जाखड़ ‘साहब’ को मिलेगा नैतिक आधार :
वड़िंग ने कहा कि जाखड़ साहब नैतिकता पसंद करते हैं। चुनावी-चुनौती से उनको नैतिक आधार भी मिलेगा। साथ हीकहा कि जाखड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पाकिस्तान भेजने का सुझाव दिया है। उनको ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस में बिताया है।
———–