हो चुकी एससीओ की कीमत 30 करोड़, रेट बढ़ने से रजिस्ट्री संख्या में इजाफे से यूटी प्रशासन उत्साहित
——
इसीलिए तो सिटी-ब्यूटीफुल में रहना लोगों की पहली पसंद
चंडीगढ़, 18 मई। देश-दुनिया में अपनी खास पहचान रखने वाले सिटी ब्यूटीफुल की कुछ अलग ही खासियत हैं। तभी तो यहां मकानों-दुकानों के दाम बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं। अब चंडीगढ़ के सैक्टर 18-ए में दो कनाल की कोठी 32 करोड़ रुपए में बिकी है।
जानकारी के मुताबिक, दूसरी तरफ सैक्टर 7 के मध्य मार्ग पर एक एससीओ यानि शॉप कम ऑफिस 30 करोड़ रुपए में बिकी है। जानकारों की मानें तो ये रेट सिर्फ कागजों में दर्ज कीमतें हैं, अंदरखाते असली सौदा तो इससे दोगुने भाव में होता है। साल 2024-25 में चंडीगढ़ प्रशासन को प्रॉपर्टी रजिस्ट्री से 270 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई हुई। अफसरों के मुताबिक अगले साल यह कमाई 400 करोड़ से भी ज्यादा हो सकती है।
इसे लेकर चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव के अनुसार इसी 1 अप्रैल से रजिस्ट्री के कलेक्टर रेट बढ़े थे। इसके बाद भी लोग खूब प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं। प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन लगातार बढ़ रहे हैं। लगातार तीन साल का 1 से 15 अप्रैल तक का डेटा देखें तो इसमें फर्क साफ दिख रहा है।
इसलिए बढ़े प्रॉपर्टी के दाम !
चंडीगढ़ में दरअसल कलेक्टर रेट 4 साल बाद बढ़े हैं। शहर में जमीन कम और मांग ज्यादा है। चंडीगढ़ की लोकेशन और सुविधाएं लोगों को आकर्षित कर रही है। निवेश के लिए लोग अब प्रॉपर्टी को बेहतर विकल्प मान रहे हैं।
———-